गाय ने चारा छोड़ दिया, लेकिन बीमारी कहाँ थी?
रामू की गाय लक्ष्मी कुछ दिनों से ठीक से चारा नहीं खा रही थी। पहले वह सुबह होते ही भूसे और हरे चारे के पास पहुंच जाती थी, लेकिन अब चारा सूंघकर छोड़ देती थी। रामू ने सोचा कि शायद मौसम बदलने की वजह से ऐसा हो रहा है। 2 दिन बाद उसने देखा कि लक्ष्मी पहले की तुलना में कम जुगाली कर रही है और दूध भी थोड़ा कम हो गया है।
रामू ने गांव के पशु चिकित्सक को बुलाया।
डॉक्टर ने लक्ष्मी को ध्यान से देखा और रामू से पूछा, “क्या गाय ने हाल ही में बच्चा दिया है? गोबर कैसा है? जुगाली कितनी हो रही है? पेट फूलना, बुखार या कोई और बदलाव तो नहीं?” रामू ने बताया कि लक्ष्मी ने करीब एक सप्ताह पहले बच्चा दिया था और पिछले दो दिनों से उसका चारा लगातार कम हुआ है।
डॉक्टर ने समझाया, “सिर्फ चारा कम खाना देखकर इसे सामान्य मान लेना ठीक नहीं है। ब्याने के बाद शरीर में कई बदलाव होते हैं। इस समय ऊर्जा की जरूरत बढ़ जाती है और पाचन तंत्र में भी बदलाव आ सकते हैं। भूख कम होना किसी अंदरूनी समस्या का संकेत हो सकता है।”
उन्होंने लक्ष्मी का तापमान, हाइड्रेशन, रुमेन की गतिविधि और सामान्य स्थिति जांची।
डॉक्टर ने रामू से कहा, “भूख न लगना खुद कोई एक बीमारी नहीं है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं - पाचन संबंधी समस्या, संक्रमण, दर्द, मेटाबोलिक समस्या या गलत फीड मैनेजमेंट। इसलिए कारण पता करना जरूरी है।”
रामू ने पूछा, “तो मैं अभी क्या करूं?” डॉक्टर ने कहा, अभी के लिए पशु पर निगरानी रखें, एक अच्छा लिवर टॉनिक पशु को दें . “साफ पानी उपलब्ध रखें, अच्छी गुणवत्ता का चारा दें और अचानक डाइट में बड़ा बदलाव न करें। लेकिन अगर खाना लगातार कम हो रहा है, जुगाली कम है, गोबर में बदलाव है या गाय सुस्त हो रही है, तो दोबारा जांच जरूरी है।”
रामू को समझ आया कि सिर्फ “गाय खाना नहीं खा रही” कहना काफी नहीं है। भूख में बदलाव शरीर के अंदर चल रही समस्या का संकेत भी हो सकता है।




